Site icon Badaun Today

हाथ में रिवॉल्वर लेकर रंगबाजी करने वाली महिला सिपाही का इस्तीफा

आगरा। इंस्टाग्राम पर वर्दी में रिवॉल्वर के साथ रंगबाजी करते हुए एक वीडियो अपलोड करने बाद चर्चाओं में आई महिला आरक्षी प्रियंका मिश्रा ने इस्तीफा दे दिया है। फिलहाल एसएसपी ने इस्तीफा स्वीकार नहीं किया है। एसएसपी का कहना है कि महिला आरक्षी से बातचीत की जाएगी। जानकारी में आया है कि वह सोशल मीडिया पर किए जा रहे कमेंट से आहत हैं। उनके परिजनों को भी बुलाया जाएगा। उसके बाद ही कोई फैसला लिया जाएगा।

मूलत: कानपुर निवासी प्रिंयका मिश्रा की ताजनगरी के थाना एमएम गेट पर तैनाती थी। झांसी में ट्रेनिंग के बाद आगरा में उनकी पहली तैनाती थी। लेकिन पिछले दिनों आरक्षी प्रियंका मिश्रा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो हुआ। इसके बाद 24 अगस्त को महिला आरक्षी प्रियंका मिश्रा को लाइन हाजिर किया गया। वीडियो रंगबाजी को लेकर था।

वीडियो में प्रियंका कमर में रिवॉल्वर लगाकर उत्तर प्रदेश पुलिस की रंगबाजी के जैसे डायलॉग दे रही हैं। बैकग्राउंड में चल रहा म्यूजिक है, ‘हरियाण, पंजाब तो बेकार ही बदनाम है आओ कभी उत्तर प्रदेश, रंगबाजी हम तुम्हें सिखाते हैं। ना गुंडई पर गाना बनाते हैं, ना गाड़ी पर जाट-गुर्जर लिखाते हैं, हमारे यहां पांच-पांच साल के लड़के कट्टा चलाते हैं।’

यह वीडियो वायरल होने से पहले इंस्टाग्राम पर उनके सिर्फ एक हजार फालोअर्स थे। वर्तमान में उनके फालोअर्स की संख्या 15400 है। फिलहाल प्रियंका मिश्रा ने एसएसपी मुनिराज को अपना इस्तीफा सौंपा है।

एसएसपी मुनिराज ने बताया कि फिलहाल इस्तीफा स्वीकार नहीं किया गया है। प्रियंका पुलिस परिवार की सदस्य हैं उनसे वजह जानी जाएगी। अभी तक जानकारी मिली है कि सोशल मीडिया पर उनके वीडियो को लेकर कमेंट किए जा रहे हैं। इससे वह आहत हैं। उनके परिजनों को भी बुलाया जाएगा। उनसे बातचीत की जाएगी। जांच कराई जाएगी।

Exit mobile version