Site icon Badaun Today

बदायूं में सीएए के समर्थन में उमड़ा जनसैलाब

बदायूं। नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के समर्थन में भारतीय जनता पार्टी ने गुरुवार को शहर में विशाल रैली आयोजित की। रैली में शामिल हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं का जनसैलाब उमड़ा। भाजपा नेताओं ने नागरिकता संशोधन कानून को देश हित में बताते हुए लोगों को सजग किया।

नागरिकता संशोधन कानून को लेकर विभिन्न राजनीतिक दलों द्वारा विरोध के जवाब में भारतीय जनता पार्टी प्रदेश में सीएए के समर्थन में जन जागरूकता रैली निकालकर लोगों को जागरूक कर रही है। रविवार को भाजपा द्वारा नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में दातागंज तिराहे से विशाल जनसभा के बाद जागरूकता रैली निकाली गई, जो शहर के मुख्य मार्गों से होकर गुजरी। शहर के लोगों ने बाजारों में खड़े होकर रैली का पुष्पवर्षा से स्वागत किया। रैली के रूट पर सड़क के दोनों ओर लोगों की भीड़ लगी रही।

जनसभा में मुख्य अतिथि बुलंदशहर जिले की शिकारपुर विधानसभा से भाजपा विधायक और राज्यमंत्री अनिल शर्मा ने भारत माता और स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण किया, इसके बाद लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों ने सीएए को लेकर देश की अल्पसंख्यकों समाज को भडकाने का काम किया है जबकि सीएए भारत के किसी नागरिक को खतरा नहीं है। अनिल शर्मा ने कहा कि स्वार्थी राजनीति करने वाले सीएए पर दुष्प्रचार कर रहे हैं, जिसे भाजपा कामयाब नहीं होने देगी।

जन जागरूकता रैली में जिले के भाजपा विधायक आरके शर्मा, धर्मेन्द्र शाक्य, राजीव कुमार सिंह, कुशाग्र सागर व जिला अध्यक्ष अशोक भारती, दर्जा राज्यमंत्री बीएल वर्मा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता तथा कई संगठनों के लोग सम्मिलित हुए।

सीएए के समर्थन में रैली के चलते पुलिस प्रशासन की ओर से कड़ा बंदोबस्त तैनात किया गया था। रैली के मद्देनजर तमाम रास्तों पर बैरीकेडिंग की गयी, आसमान से ड्रोन की मदद से चरों तरफ निगरानी रखी गयी। पुलिस के जवान हर गली, चौराहे पर सुरक्षा की कमान संभाले हुए थे।

Exit mobile version