Site icon Badaun Today

दिव्यांग को सशक्त बनाने के लिए दिव्य प्रयास, बांटे सहायक उपकरण

बदायूं। इस्लामियां इंटर कॉलेज के मैदान पर हुए दिव्यांग सहायक उपकरण समारोह में आए दिव्यांगों को उपकरण वितरित किए गए। पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांग सशक्तिकरण विभाग के कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने 350 ट्राई साइकिले, 4 व्हील चेयर, 45 जोड़ी वैशाखी एवं 17 श्रवण यंत्र दिव्यांगों को वितरित किए।

बुधवार को इस्लामियां इंटर कॉलेज के मैदान में पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांग सशक्तिकरण विभाग के कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि भाजपा सरकार में दिव्यांगों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा रहा है। हमारी सरकार दिव्यांगों के लिए अधिक से अधिक व्यवस्था कराने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि दिव्यांगों को उत्तर प्रदेश में 300 से बढ़ाकर 500 रुपए प्रतिमाह सीधे दिव्यांगों के बैंक खाते में दिया जाता है। शैल्य चिकित्सा के लिए आठ हजार से बढ़ाकर दस हजार रुपए दिए जाएंगे। विद्यालय में दिव्यांगों के भोजन के लिए 1200 रुपए प्रतिमाह अब 2000 रुपए प्रतिमाह  हो गया है।

उन्होंने कहा कि शून्य से 5 वर्ष के बच्चों को सुनने एवं बोलने की सर्जरी के लिए पहले 10,000 रुपए मिलते थे लेकिन अब छह लाख रुपए मिलेंगे। दिव्यांगों के लिए कैंप लगाकर प्रतिमाह निःशुल्क कृत्रिम अंग वितरण करने की व्यवस्था की है। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम बस में दिव्यांगों के लिए निःशुल्क यात्रा मिलेगी।

भाजपा जिला अध्यक्ष हरीश शाक्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार दिव्यांगों के हित के लिए बहुत सारी योजनाएं चला रही है जिससे उनको जीवन यापन करने में अब कोई समस्या नहीं होगी। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन अजय कुमार श्रीवास्तव, जिला विकास अधिकारी सेवाराम चौधरी, लोक निर्माण विभाग के प्रशासनिक अधिकारी रविंद्र मोहन सक्सेना, अशोक भारती, पूर्णिमा गुप्ता, सीमा राठौर, विश्वजीत गुप्ता, सुधीर श्रीवास्तव सहित भाजपा के अन्य कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।

Exit mobile version