Site icon Badaun Today

भाजपा सरकार में लोग परेशान, पूरा नहीं किया अपना एक भी वादा: धर्मेन्द्र यादव

बदायूं। शहर के हाफिज सिद्दीकी इस्लामियां इंटर कॉलेज के मैदान में सपा व महान दल की संयुक्त सभा पूर्व सांसद धर्मेन्द्र यादव की अध्यक्षता में आयोजित हुई। मुख्य अथिति के रूप में महान दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष केशव देव मौर्य व विशिष्ट अथिति के रूप में पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के अध्यक्ष तथा सदस्य विधान परिषद राजपाल कश्यप उपस्थित रहे। अपने भाषण के दौरान दोनों पार्टी के नेताओं ने देश और प्रदेश की भाजपा सरकारों पर जमकर हमला बोला। धर्मेन्द्र यादव ने कहा कि भाजपा ने अपना एक भी वादा पूरा नहीं किया।

धर्मेन्द्र यादव ने कहा कि भाजपा नेताओं ने हमेशा पिछड़ी बिरादरी के लोगों को वोट के रूप में इस्तेमाल किया है परंतु समाज के वर्ग के उत्थान व कल्याण के लिये समाजवादी पार्टी में सदैव ही सड़क से लेकर संसद तक संघर्ष किया है। पिछले चुनाव में भाजपा ने प्रदेश की भोली भाली जनता को अपनी झूठी बातों में फंसा कर सरकार तो बना ली परंतु पिछले साढे चार साल में अभी तक कोई काम नही किया है। भाजपा ने हर जाति को बांटने और आपस मे लड़ाने का काम किया है। बीजेपी के पास हिंदू मुस्लिम करने के अलावा कोई मुद्दा नही है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश का किसान, छात्र, नौजवान, व्यापारी सहित समाज का हर वर्ग भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों से बुरी तरह त्रस्त है और विकास के लिये पिछली सपा सरकार को याद करके अखिलेश यादव को 2022 में मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प ले चुके हैं।

वहीं केशव देव मौर्य ने कहा कि भाजपा ने पिछला विधान सभा चुनाव पिछड़े वर्ग के नेता को मुख्यमंत्री बनाने के वादे के साथ लड़ा था। किन्तु बाद में उनको अपमानित किया गया। भाजपा की मानसिकता पिछड़ा विरोधी है। अब 2022 के चुनाव में अखिलेश यादव को ही मुख्यमंत्री बनाया जाएगा।

इस दौरान जिलाध्यक्ष प्रेमपाल सिंह यादव, जिला उपाध्यक्ष शशांक यादव, महान दल के प्रदेश अध्यक्ष शिवकुमार यादव, अल्पसंख्यक सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ मौलाना यासीन उस्मानी, सहसवान से विधायक ओमकार सिंह यादव, पूर्व विधायक आशीष यादव, पूर्व विधायक आशुतोष मौर्य, पूर्व विधायक विनोद शाक्य, पूर्व मंत्री विमल कृष्ण अग्रवाल, एवं मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के जिला महासचिव ध्रुव यादव, जिला उपाध्यक्ष मोहित यादव, अमन सैफी, जिला मीडिया प्रभारी सम्राट सिंह उर्फ नितेश, बिल्सी विधानसभा अध्यक्ष अभय ठाकुर समेत तमाम पार्टी नेता और कार्यकर्त्ता मौजूद रहे।

Exit mobile version