Site icon Badaun Today

श्रीराम भरत मिलाप देख भाव विभोर हुए श्रद्धालु

उझानी (बदायूं)। नगर में जारी रामलीला महोत्सव के तहत राम-भरत मिलाप व राजतिलक का मंचन किया गया। प्रभु श्रीराम समेत चारों भाइयों के मिलन का जीवंत भाव देख श्रद्धालु भाव विभोर हो गए। इस दौरान विधि-विधान के साथ चारों भाइयों का पूजन हुआ और फिर भरत मिलाप की पारंपरिक लीला संपन्न हुई। 

शनिवार को सुरेश चन्द्र मिश्रा के नेतृत्व में प्राचीन श्रीराम दरबार सिंहासन बिहारीजी मंदिर में पहुंचा। यहाँ श्रीराम रामलीला कमेटी के पात्रों ने पुरानी परंपरा का निर्वहन करते हुए भाई मिलाप और राज्याभिषेक लीला का सफल मंचन किया। मंचन में दिखाया गया कि श्रीराम, लक्ष्मण, सीता, हनुमान, सहित अपने वनवास को त्याग कर विभीषण जी के साथ अयोध्या नगरी पहुंच गए। हनुमान जी भरत को श्रीराम जी के आने की सूचना देते हैं। श्रीराम को देखकर भरत खुशी के मारे गदगद हो गया और उन्हें गले लगाया। जिसके बाद गुरु वशिष्ठ ने श्रीराम का राज्याभिषेक किया।

मेला कमेटी अध्यक्ष अजय चौधरी सहित तमाम कमेटी सदस्यों ने चारों भाइयों की आरती उतारी, श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा की। इसी के साथ भरत मिलाप एवं राम के राज्याभिषेक के साथ रामलीला का समापन हुआ। इस मौके पर उत्तम मिश्रा, राजकुमार, सुनील कुमार, सुशील चतुर्वेदी, विनोद शर्मा, संजय चतुर्वेदी आदि लोग मौजूद रहे

Exit mobile version