Site icon Badaun Today

कछला में गंगा आरती करने वाले विभु ने पास किया नीट एग्जाम, धोनी की तरह रहते हैं कूल

कछला(बदायूं)। एमबीबीएस और बीडीएस जैसे अंडरग्रेजुए मेडिकल कोर्स में दाखिले के लिए होने वाले NEET UG एग्जाम का रिजल्ट जारी हो गया है। कछला गंगा घाट पर आरती करने वाले विभु उपाध्याय ने पहले ही प्रयास में परीक्षा पास कर ली है। विभु ने बताया कि क्रिकेटर धोनी उनके आदर्श हैं, उनकी तरह शांत रहता हूँ।

नीट यूजी परीक्षा पास करने वाले विभु उपाध्याय कछला गांव के रहने वाले हैं। विभु को 720 में से 622 अंक मिले हैं। उनके पिता हरेंद्र उपाध्याय का टेंट हाउस का व्यवसाय है, वहीं माँ सुनीता गृहणी हैं। विभु ने बताया कि जब 9वीं क्लास में था तभी से नीट की तैयारी शुरू कर दी थी। रात को एक से सुबह पांच बजे तक चार घंटे पढ़ाई करता था। जबकि दिन में भी पांच घंटे पढ़ाई करता था। बीच-बीच में खेलकूद समेत घरेलू काम भी करता था। उसके बाद साल 2022 में 12वीं पास करने के बाद मैं कोटा मेडिकल की कोचिंग करने चला गया था। 7 मई 2023 को मेरा नीट का एग्जाम हुआ।

गंगा मइया की कृपा से इस मुकाम तक पहुंचा हूं
विभु ने बताया कि साल 2019 में पूर्व डीएम दिनेश कुमार सिंह के प्रयासों से घाट पर गंगा आरती की शुरुआत हुई। उनकी इस पहल से मै भी सनातन से जुड़ पाए। हम लोगों को घाट पर जाकर आरती करना बहुत अच्छा लगता था। ये हमें हमारी संस्कृति से जोड़ता था। मैं रोज एक घंटे का समय आरती के लिए निकालता था। उसके बाद फिर पढ़ाई में जुट जाता था। विभु का कहना है कि गंगा मइया ने मुझे लोगों की सेवा के लिए चुना है। मैं उन्हें कभी निराश नहीं करूंगा। उनकी कृपा से ही आज मैं इस मुकाम तक पहुंच पाया हूं। मेरी मेरी कामयाबी के पीछे मां-पिता और शिक्षकों का आशीर्वाद भी है।

विभु की मां सुनीता का कहना है कि उनके बेटे ने इस दिन के लिए बहुत मेहनत की है। उन्होंने कहा कि अगर आपको अपने बच्चे से कुछ चाहिए तो आपको उनके साथ खड़ा होना पड़ेगा। वे जो करना चाहते हैं, उसे करने देना चाहिए। मां-पिता को अपने बच्चे की रुचि के बारे में जानकारी रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि गंगा माई की कृपा से ही यह सफलता मिली है। हम पति-पत्नी नियमित आरती में जाते हैं।

ये सब गंगा मइया की कृपा से ही संभंव हुआ
विभु के पिता हरेंद्र ने कहा कि उनको अपने बेटे पर गर्व है। उनका एक बेटा इंजीनियर बन है। दूसरे बेटे ने आज नाम रोशन कर दिया है। ये सब गंगा मइया की कृपा से ही संभंव हुआ है। हम लोग हमेशा गंगा मइया की ऐसी ही सेवा करते रहेंगे। यही प्रार्थना है कि गंगा मइया का आशीर्वाद हमेशा मेरे परिवार पर बना रहे।

एमएस धोनी से इंस्पायर
विभु ने बताया कि वह भारतीय क्रिकेटर एमएस धोनी से इंस्पायर हैं। उनका प्रेशर को हैंडल करने का तरीका, कूल रहकर डिसिजन लेने का तरीका अच्छा लगता है। कोचिंग के दौरान जब भी दिमाग अशांत होता था, मै धोनी को याद करता था। मैं उनकी तरह निर्णय लेने की कोशिश भी करता हूं। मैं खुद को रिफ्रेश रखने के लिए मेडिटेशन करता हूं। इससे अटेंशन बढ़ता है। अध्यात्म में मेरी रूचि भी है।

Exit mobile version