Site icon Badaun Today

उझानी: पार्किंग शुल्क के नाम पर चालक की पिटाई के बाद लगा जाम, एक गिरफ्तार

उझानी। पार्किंग शुल्क के नाम पर ठेकेदारों की मनमानी अवैध वसूली अब गुंडागर्दी में तब्दील हो गयी है। गुरूवार को एक टेम्पों चालक को बुरी तरह पीटा गया जिसके बाद हाईवे पर जाम की नौबत आ गयी, फिलहाल इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।

नगर पालिका का नगर में पार्किंग व लोडिंग, अनलोर्डिंग शुल्क वसूलने का ठेका है। नियमानुसार वाहनों से निर्धारित शुल्क वसूला जाता है लेकिन इसके उलट जबरन सभी आने-जाने वाले वाहनों से पार्किंग, लोडिंग, अनलोडिंग के नाम पर शुल्क वसूला जाता है। गुरूवार को बरेली निवासी पिकअप चालक सत्यपाल प्रजापति कासगंज से लौट रहे थे। उझानी में दाखिल होते ही उनकी गाड़ी के पीछे वसूली के लिए ठेकेदार के कारिंदों ने दौड़ लगा दी। जब सत्यपाल ने शुल्क देने से मना किया तब उन्हें वाहन से बाहर निकालकर बुरी तरह पीटा गया।

जिसके बाद आसपास से गुजरने वाले वाहनों ने एकजुट होकर हाईवे जाम कर दिया। सत्यपाल के मुताबिक वो नगर में लोडिंग-अनलोडिंग नही कर रहे थे और न ही उन्होंने अपने वाहन को नगर में कहीं भी पार्क किया इसके बावजूद उनसे जबरन रूपये मांगे जा रहे थे। जाम की खबर सुनकर पुलिस भी मौके पर पहुँच गयी जिसके बाद लोगों को वहां से खदेड़ दिया गया फिलहाल पुलिस ने सत्यपाल की शिकायत पर इस मामले में मोहल्ला गौतमपुरी निवासी हंसराज को गिरफ्तार कर लिया है

हालाँकि वसूली के नाम पर गुंडागर्दी का यह पहला मामला नही हैं ऐसे तमाम मामले में तो जैसे नगर पालिका ने आंखें मूंद ली हैं। उसने पार्किंग के नाम पर शुल्क वसूलने का ठेका देकर बदले में मोटी राशि मिलने का जुगाड़ कर लिया है। इसके बाद संबंधित ठेकेदार कैसे वसूली कर रहे हैं, इसमें किस कदर अनियमितताएं बरती जा रही हैं ? इनसे उसे कोई मतलब नहीं है। नगर पालिका ने न तो कहीं पार्किंग शुल्क वसूली के बारे में लोगों को बताने का प्रयास किया और न ही वसूली वाली जगह पर इन नियमों का बोर्ड लगाया है, जिससे आम लोगों को रेट के बारे में पता चल सके।

Exit mobile version