Site icon Badaun Today

घर में मिले दंपत्ति के लहूलुहान शव, दो गिरफ्तार

दातागंज। कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार सुबह दोहरे हत्याकांड से सनसनी फैल गई। बीती रात घर में सो रहे दंपती की रॉड से पीटकर हत्या कर दी गई। महिला 8 महीने की गर्भवती भी थी। वारदात की वजह जमीनी रंजिश है। पुलिस ने मृतक के चाचा, उनके बेटों और तीन अज्ञात पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। फिलहाल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

क्षेत्र के ग्राम लाहडोरा निवासी सोमवीर(38) अपनी पत्नी खुशबू(35) के साथ घर में रहते थे। बुधवार की रात दोनों रोज की तरह सो गए। गुरुवार सुबह भाई उदयवीर घर पहुंचा तो घर के अंदर का नजारा देखकर उसकी चीख निकल गई। दंपति के लहूलुहान शव पड़े हुए थे। घटना की जानकारी होते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। आसपास के सैकड़ों ग्रामीण मौके पर जमा हो गए।

उदयवीर ने पुलिस को सूचना दी कि उसके भाई और भाभी की चाचा अमर सिंह और उसके बेटे सत्येंद्र और तीन अज्ञात लोगों ने लोहे की राड से हमला कर हत्या कर दी है। सूचना पर एसपी सिटी एके श्रीवास्तव, सीओ कर्मवीर सिंह और थाना पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

एसपी देहात सिद्धार्थ वर्मा ने बताया कि फिलहाल आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया गया है। अभी तक जमीन की रंजिश में हत्याकांड की बात सामने आई है। कई अन्य पहलुओं पर भी पड़ताल की जा रही है।

Exit mobile version