Site icon Badaun Today

फंदे से लटका मिला महिला सिपाही का शव

दातागंज। महिला सिपाही का शव किराए के कमरे में फंदे से लटका मिला है। आत्महत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है लेकिन बताया जा रहा है कि उसका अपने पति से अक्सर विवाद होता था, बुधवार को भी फोन पर कहासुनी हुई थी जिसके बाद आत्मघाती कदम उठाया है।

मूल रूप से जनपद रायबरेली की रहने वाली महिला कांस्टेबल शुभलता पत्नी दीपक दातागंज कोतवाली में तैनात थी। शुभलता कस्बे में ही बिजलीघर के पास संजय के घर में बतौर किराएदार रहती थी। साथ में मौसेरी बहन कंचन व भाई अनुराग भी इसी घर में रहते हैं। गुरुवार सुबह अनुराग स्कूल में पढ़ने गया था जबकि कंचन घरेलू कामकाज में व्यस्त थी। इसके बाद सुबह करीबन साढ़े 9 बजे जब कंचन कमरे में लौटी तो शुभलता का शव लटका हुआ मिला।

कंचन की सूचना पर इंस्पेक्टर विशाल प्रताप सिंह समेत पुलिस बल वहां पहुँच गया और महिला कांस्टेबल को फंदे से उतारकर सीएचसी ले जाया गया, जहाँ डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी पर एसपी सिटी प्रवीन सिंह चौहान भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, परिवार वालों को भी सूचना दे दी है।

Exit mobile version