आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा में सुहागरात पर पत्नी की हत्या के बाद पति ने खुदकुशी कर ली। इस घटना ने पूरे परिवार में कोहराम मचाकर रख दिया, दुल्हन के परिजन भी बेहाल हैं फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।
कैंट थाना क्षेत्र के सहादतगंज मुरावन टोला निवासी प्रदीप कुमार और खंडासा थाना क्षेत्र के डीलीसरैया निवासी मंतूराम की पुत्री शिवानी की शादी 7 मार्च को हुई थी। शादी की रस्मों से लेकर विदाई तक सबकुछ बिल्कुल सामान्य था। दूल्हा-दुल्हन दोनों ही खुश नजर आ रहे थे। बारात में जमकर डांस हुआ, दोस्तों और रिश्तेदारों के साथ हंसी-ठिठोली भी हुई। शिवानी और प्रदीप ने खुद भी खूब एन्जॉय किया। शनिवार को विदा होकर दुल्हन ससुराल पहुंची। सभी रस्मों-रिवाजों को निभाते हुए रात में लगभग 11 बजे प्रदीप अपने कमरे में दुल्हन के पास चला गया। इस दौरान दोनों सामान्य अवस्था में राजी-खुशी से रहे।
क्या कहती है पोस्टमार्टम रिपोर्ट
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। डॉक्टरों के अनुसार पोस्टमार्टम के समय दुल्हन की मौत लगभग 15 घंटे पहले हुई थी। जबकि 03:30 बजे प्रदीप के शव का पोस्टमार्टम हुआ, इस समय तक लगभग 15 से 16 घंटे पहले उसकी मौत का अनुमान लगाया गया। इस तरह जाहिर है कि दुल्हन की हत्या के बाद प्रदीप लगभग आधे घंटे अपने कमरे में ही था। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में दुल्हन के गले पर चोट के निशान मिले हैं। ये निशान नाखूनों के हैं। गले में काफी अंदर तक नाखूनों के निशान और रगड़ मिली। फॉरेंसिक टीम ने दूल्हे के नाखूनों के निशान लिए हैं। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में यह भी पता चलता है कि हत्या से पहले दोनों के बीच फिजिकल रिलेशन बने थे।
इस पूरे केस में फिलहाल पुलिस के हाथ एक मोबाइल फोन लगा है, जो प्रदीप का है। जबकि दुल्हन के पास फोन नहीं था। दुल्हन की माँ सुमन का कहना है कि पिछले महीने वह सिलाई कर रही थी। तभी उसका फोन पानी भरी बाल्टी में गिर गया। इसके बाद वह मेरे ही फोन से प्रदीप से बात करती थी। शादी के बाद उसने हमें हमारा फोन दे दिया और बिना फोन के ही विदा हुई।
नवंबर में तय हुई थी शादी
प्रदीप और शिवानी ने एक-दूसरे को पिछले साल अप्रैल महीने में पसंद कर लिया था। दोनों एक शादी में मिले थे। शिवानी दिल्ली में रहती थी इसलिए वह वापस चली गई। दोनों के पास अब एक-दूसरे का नंबर था। इसलिए बातचीत भी शुरू हो गई थी। 2024 में दीपावली के ठीक पहले दोनों के परिवार ने शादी तय कर दी। प्रदीप ने ही परिवार से कहा था कि होली से पहले वाली लग्न शादी के लिए ठीक रहेगी। उसी के अनुसार 7 मार्च को शादी होना तय हुआ।
इस मामले में सीओ शैलेंद्र सिंह का कहना है कि प्रदीप के फोन पर एक मैसेज मिला है। प्रदीप ने खुद उसे दूसरे नंबर से किया था। वह इस मैसेज के जरिए शिवानी की पुराने रिलेशनशिप के बारे में जानना चाहता था। इसे लेकर विवाद हुआ और फिर हत्या कर दी। प्रदीप के कॉल डिटेल, सोशल मीडिया चैटिंग को खंगाला जा रहा है। पुलिस का मानना है कि इससे कुछ सबूत मिल सकता है या मामले के खुलासे में मदद मिल सकती है।