औरैया। यूपी के औरेया में शादी के 15वें दिन ही पत्नी ने पति को मौत के घाट उतरवा दिया। अवैध संबंधों में बाधक पति को रास्ते से हटाने के लिए उसने दो लाख रुपये की सुपारी दी। सुपारी शादी के दौरान मुंह दिखाई में मिले रुपयों से दी गई थी। पुलिस ने सोमवार को इस सनसनीखेज घटना का खुलासा करते हुए पत्नी, उसके प्रेमी और एक अन्य को गिरफ्तार कर लिया है।
सहार थाना क्षेत्र में 19 मार्च को पलिया गांव के पास एक युवक गंभीर रूप से घायल हालत में गेहूं के खेत में पड़ा मिला। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत नाजुक होने पर उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान तीन दिन बाद युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान मैनपुरी के भोगांव थाना के नगला दीपा निवासी हाइड्रा चालक दिलीप कुमार (24) के तौर पर हुई थी। परिजनों ने अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने दिलीप के शव का पोस्टमॉर्टम कराया। उसके शरीर में 9 गंभीर चोट के निशान मिले, जो किसी धारदार हथियार के थे। सिर के पीछे 315 बोर के तमंचे से गोली मारी गई थी। पोस्टमॉर्टम में 315 बोर की बुलेट निकली।
इस मामले में जांच के लिए सहार थाना पुलिस, सर्विलांस टीम और SOG टीम को लगाया गया। जिस जगह पर दिलीप मरणासन्न हालत में मिला था, उसके सात किमी एरिया में लगे सीसीटीवी फुटेज को पुलिस ने चेक किया। दिलीप अज्ञात लोगों के साथ बाइक पर जाते दिखा। फुटेज से बाइक सवार युवकों की पहचान हुई। पुलिस ने सोमवार को इस सनसनीखेज घटना का खुलासा करते हुए पत्नी, उसके प्रेमी और एक अन्य को गिरफ्तार कर लिया।
एसपी अभिजीत आर शंकर ने बताया कि दुल्हन प्रगति की बहन पारुल की शादी संदीप से हुईं थी। करोड़पति परिवार में शादी होने से पारुल काफी खुश थी। इसलिए परिजनों ने संदीप के भाई दिलीप से छोटी बेटी प्रगति की भी शादी तय कर दी। प्रगति और गांव के रहने वाले अनुराग उर्फ बबलू उर्फ मनोज यादव के बीच 4 साल से अवैध संबंध थे। जब शादी तय होने की बात अनुराग को पता चली तो उसने विरोध किया। लेकिन प्रगति ने भरोसा दिया कि शादी के बाद दिलीप की हत्या कर देंगे। उसकी करोड़ों की संपत्ति अपने नाम हो जाएगी। फिर दोनों ऐश से रहेंगे। इसी साल 5 मार्च को प्रगति और दिलीप की शादी हुई थी। उसने दिलीप को रास्ते से हटाने का प्लान बनाया। उसके प्रेमी अनुराग ने अपने परिचित सुपारी किलर रामजी नागर से 2 लाख रुपए में सौदा किया। जिसमें प्रगति ने 1 लाख रुपए एडवांस दिए। बाकी पैसे बाद में देने का वादा किया था। पुलिस ने गांव हजियापुर फफूंद निवासी प्रेमी अनुराग उर्फ बबलू उर्फ मनोज यादव, अछल्दा के प्रेम नगर निवासी शूटर रामजी नागर को भी गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से 315 बोर के दो तमंचे, चार जिंदा कारतूस और एक बाइक बरामद हुई। वहीं आरोपी दुल्हन प्रगति को उसके ससुराल मैनपुरी के भोगांव थाना क्षेत्र के नगला दीपा गांव से गिरफ्तार किया गया।
पांच दिन ससुराल में रही, होली पर मायके गई, फिर मौत पर लौटी
5 मार्च को शादी के बाद 6 मार्च को प्रगति यादव मायके से विदा होकर ससुराल आई थी। 10 मार्च को वह होली मनाने के लिए अपने मायके चली गई। 21 मार्च को पति की मौत होने पर प्रगति ससुराल आ गई। इसके बाद से ससुराल में ही रह रही थी। इस दौरान ससुराल वालों को जरा भी शक नहीं हुआ कि पति की हत्या इसी ने करवाई है।
पति की मौत के बाद प्रेमी से बात करती रही प्रगति
दिलीप यादव की मौत के बाद भी प्रगति अपने प्रेमी अनुराग से सिम बदलकर बात करती रही। वह घटना के दिन भी हत्यारोपितों से फोन पर संपर्क में रही। पति की मौत के बाद उसके चेहरे पर शिकन तक नहीं दिखी। उधर, प्रगति के परिजनों को अनुराग से उसके संबंधों की जानकारी थी। बावजूद इसके उन्होंने प्रगति से अनुराग की शादी न कराकर दिलीप से करा दी।