Site icon Badaun Today

यूपी में शनिवार का लॉकडाउन खत्म, जानिए कब से होगा लागू

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में कोरोना की नियंत्रित स्थिति को देखते हुए प्रदेश सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। योगी सरकार ने अब शनिवार का लॉकडाउन खत्म कर दिया है, यह फैसला 14 अगस्‍त से लागू होगा लेकिन रविवार का लॉकडाउन जारी रहेगा। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अफसरों को निर्देश दिया कि प्रत्येक स्थान पर प्रत्येक दशा में कोविड प्रोटोकॉल का अनुपालन कराया जाए। कहीं भी अनावश्यक भीड़भाड़ न हो। पुलिस पेट्रोलिंग जारी रहनी चाहिए।

मुख्यमंत्री योगी ने बुधवार को टीम-9 के साथ प्रदेश में कोरोना की स्थिति पर समीक्षा करते हुए कहा कि प्रदेश में कोरोना महामारी की दूसरी लहर पर प्रभावी नियंत्रण बना हुआ है। इसीलिए दो दिवसीय साप्ताहिक बंदी में आंशिक छूट दिए जाने पर विचार किया जा सकता है। उन्होंने इस सम्बन्ध में गृह विभाग को विस्तृत गाइडलाइन जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि यह अतिरिक्त सतर्कता और सावधानी बरतने का समय है। थोड़ी सी लापरवाही बड़ी समस्या का कारक बन सकती है। उन्होंने कहा कि ट्रेसिंग, टेस्टिंग और त्वरित ट्रीटमेंट के मंत्र से अच्छे परिणाम मिल रहे हैं।

अपर मुख्य सचिव अवनीश अवस्थी ने बताया कि 14 अगस्त से सोमवार से शनिवार तक सुबह 6 बजे से शाम 10 बजे तक लोगों की आवाजाही की अनुमति है। लोगों को अनिवार्य रूप से मास्क पहनना, सामाजिक दूरी का पालन करना और सैनिटाइटर का उपयोग करना होगा। रविवार लॉकडाउन/कोरोना कर्फ्यू जारी रहेगा।

गौरतलब हैं कि जुलाई माह में राज्य सरकार ने दिशा-निर्देश जारी किए थे, जिसके अनुसार सोमवार से शुक्रवार तक बाजार, दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक खोलने की अनुमति दी गई थी, जबकि शनिवार और रविवार साप्ताहिक बंदी के दिन थे।

यूपी के जनपद अलीगढ़, अमेठी, चित्रकूट, एटा, फिरोजाबाद, गोंडा, हाथरस, कासगंज, पीलीभीत, प्रतापगढ़, शामली और सोनभद्र आज कोविड संक्रमण से मुक्त हैं। 24 घंटे में हुई 02 लाख 39 हजार 909 सैम्पल की टेस्टिंग में 59 जिलों में संक्रमण का एक भी नया केस नहीं पाया गया, जबकि 16 जनपदों में इकाई अंक में मरीज पाए गए। विगत 24 घंटे में हुई ट्रेस्टिंग में 27 नए मरीजों की पुष्टि हुई। इसी अवधि में 63 मरीज स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हुए। वर्तमान में प्रदेश में एक्टिव कोविड केस की संख्या 505 रह गई है। औसतन हर दिन ढाई लाख से अधिक टेस्ट हो रहे हैं, जबकि पॉजिटिविटी दर 0.01 बनी हुई है और रिकवरी दर 98.6 फीसदी है।

अब तक 6 करोड़ 81 लाख 37 हजार 752 कोविड सैम्पल की जांच की जा चुकी है। प्रदेश में अब तक 16 लाख 85 हजार 555 प्रदेशवासी कोरोना संक्रमण से मुक्त होकर स्वस्थ हो चुके हैं। प्रदेश में कोविड टीकाकरण सुचारू रूप से चल रहा है। प्रदेश में अब तक 5.50 करोड़ वैक्सीन डोज लगाई जा चुकी है। उत्तर प्रदेश एक मात्र राज्य है, जहां अब तक 05 करोड़ 50 लाख 52 हजार से अधिक वैक्सीन डोज लगाई जा चुकी हैं। 04 करोड़ 64 लाख 33 हजार से अधिक लोगों ने वैक्सीन की एक डोज प्राप्त कर ली है। प्रदेश में अब तक 86 लाख से अधिक लोग कोविड टीके की दोनों डोज प्राप्त कर चुके हैं।

Exit mobile version